कोटद्वार की वंशिका का प्रदेश की जूनियर फुटबाल टीम में चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। सिद्धबली क्लब कोटद्वार की खिलाड़ी वंशिका का चयन उत्तराखंड की जूनियर फुटबाल टीम में हुआ है। वे टीम नागालैंड में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर रही है।
कोच सिद्धार्थ रावत ने बताया कि दुर्गापुरी (भाबर क्षेत्र) निवासी सुरेंद्र चौहान और मीणा चौहान की बेटी वंशिका आरपी स्कूल तेलीपाड़ा में कक्षा नौ की छात्रा हैं। वह शशिधर भट्ट राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, गाड़ीघाट में कोच महेंद्र रावत से प्रशिक्षण ले रही हैं। पांच नवंबर को रुद्रपुर में हुए चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया गया। दो सप्ताह के कैंप के बाद टीम नागालैंड पहुंची। यह चैंपियनशिप राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के पहले कप्तान एवं चिकित्सक डॉ. तालीमेरेन आओ की स्मृति में आयोजित की जा रही है। उत्तराखंड टीम अपना पहला मुकाबला नागालैंड से खेल चुकी है, जबकि दूसरा मैच 24 नवंबर को पंजाब और अंतिम लीग मुकाबला 26 नवंबर को अंडमान-निकोबार से होगा। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच सुनील रावत, लेफ्टिनेंट कर्नल चंद्रीपाल पटवाल (से.नि.), आरपी स्कूल के प्रधानाचार्य कुंवर अजीत सिंह, स्टेडियम इंचार्ज श्याम सिंह डांगी, सुशील रावत तथा ऋतिक नेगी ने वंशिका को शुभकामनाएं दी हैं।