उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने 29 फरवरी को संपूर्ण उत्तराखंड बंद का आह्वान किया है। संगठन नैनीसार में हुए भूमि आवंटन का विरोध कर रहे हैं। विरोध स्वरुप उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी नैनीसार सत्याग्रह आंदोलन चला रही है।
बुधवार को उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरेश नौटियाल ने बताया कि 29 फरवरी को संपूर्ण उत्तराखंड बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने बताया कि बंद को सफल बनाने के लिए विभिन्न राजनीतिक, व्यापारिक, महिला, श्रमिक, कर्मचारी व युवा संगठनों का सहयोग मिल रहा है। नौटियाल ने कहा कि नैनीसार भूमि आवंटन को जब तक खारिज नहीं किया जाता, तब तक नैनीसार सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पीसी तिवाड़ी व रेखा धस्माना पर किए गए फर्जी मुकदमे को भी वापस लिया जाना चाहिए। पीर्टी की संयोजिका अनीता नौटियाल ने कहा कि सरकार एक ओर सरकारी विद्यालयों को बंद कर रही है। दूसरी ओर पूजींपतियों को निजी/प्राइवेट विद्यालय खोलने के लिए सरकारी जमीन कौडिय़ों के भाव दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।