गढ़वाल राइफल्स के चार जवानों ने शानदार प्रदर्शन कर बिखेरा प्रतिभा का जलवा
कोटद्वार। उत्तराखंड की फुटबाल टीम ने शानदार प्रदर्शन कर पुरुष वर्ग की सीनियर फुटबाल चैंपियनशिप की संतोष ट्रॉफी के नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया है।
गढ़वाल राइफल के फुटबाल कोच अरुण नेगी ने बताया कि इससे पहले उत्तराखंड की फुटबाल टीम ने टूर्नामेंट में 2014 में नॉकआउट दौर में प्रवेश किया था। वर्तमान में गढ़वाल राइफल के चार खिलाड़ी उत्तराखंड फुटबाल टीम में शिरकत कर रहे हैं। शारदा यूनिवर्सिटी, आगरा, उत्तर प्रदेश में खेली जा रही प्रतियोगिता में उत्तराखंड फुटबाल टीम का पहला मैच चंडीगढ़ के साथ हुआ जिसमें टीम ने 1-0 से विजय हासिल की। दूसरे मैच में हरियाणा को 2-0 से हराया।
लीग के अंतिम मैच में उत्तराखंड ने उत्तर प्रदेश को 2-0 से पराजित कर नॉकआउट दौर में प्रवेश किया। कोच ने बताया कि संतोष ट्रॉफी का नॉकआउट दौर जनवरी में असम में खेला जाएगा।