उत्तराखंड विकास समिति ने मेडिकल काॅलेज समेत क्षेत्र के लिए स्वीकृत विकास कार्यों काे पूरा कराने की मांग की। समिति के अध्यक्ष जानकी बल्लभ मैंदोला और सचिव विपुल उनियाल ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भाबर में मेडिकल काॅलेज बनाने की घोषणा की गई थी। प्रदेश सरकार के कार्यकाल को दो साल पूर्ण होने को हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। कहा कि पूर्व सरकार और विधायक की कमजोर पैरवी के कारण कोर्ट ने जहां गढ़वाल और कुमाऊं की लाइफ लाइन रामनगर-कोटद्वार कंडी मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी है वहीं चिलरखाल-लालढांग मार्ग के निर्माण पर भी रोक लगा दी है। मोटर नगर में प्रस्तावित बस अड्डे का निर्माण कार्य दस वर्षों से बंद है। ज्ञापन में स्थलीय निरीक्षण कर भाबर में प्रस्तावित मेडिकल काॅलेज का निर्माण कराने, चिलरखाल-लालढांग मार्ग निर्माण के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका प्रस्तुत कर सशक्त पैरवी करने, मोटर नगर बस अड्डे का निर्माण कराने, कोटद्वार भाबर और कालागढ़ में जन औषधि केंद्र खुलवाने, नर्सिंग कालेज की स्थापना करने, भाबर और सनेह क्षेत्र में सिटी बस संचालित करने, केंद्रीय विद्यालय खोलने, गृह कर निर्धारण पूर्व की भांति करने की मांग की है।