कंडोलिया स्थित खेल विभाग के इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता
पौड़ी। कंडोलिया स्थित खेल विभाग के इंडोर स्टेडियम में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना सिखाते हैं।
इस दौरान अंडर-14 में अल्मोड़ा के यश बिष्ट ने प्रथम, ऊधमसिंह नगर के आद्विक साह ने द्वितीय और रुद्रप्रयाग के अभिनव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून के भारत प्रथम और निकुंज द्वितीय रहे। देहरादून के तेजस ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अंडर-19 में ऊधमसिंह नगर के देव बरगली ने प्रथम, देहरादून के युवराज कुंजवाल ने द्वितीय और पौड़ी गढ़वाल के देवेश कुमार नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अंशुल बिष्ट, गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बंगारी आदि मौजूद रहे।