राजकीय बेस अस्पताल में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात चोरों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के दो मोबाइल और परिसर में खड़ी स्कूटी पर हाथ साफ कर दिए। पीड़ित लोगों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुट गई है।
अस्पताल के सर्जिकल वार्ड व मेेडिकल वार्ड में भर्ती अनीता रावत व सुशीला देवी ने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे कुछ लोग वार्ड में आए और लाइट जलाकर देखने लगे। इस मौके पर मौजूद आशा कार्यकर्ता ने उन्हें लाइट जलाने पर टोका तो वे उनके साथ अभद्रता करने लगे। इसके बाद लाइट बंद करके चले गए। सुबह जब उठे तो मोबाइल गायब मिला। चोरों ने अस्पताल परिसर में खड़ी लक्ष्मण सिंह रावत की स्कूटी भी ले उड़े। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। अस्पताल के सीएमएस डॉ वीके शुक्ला ने बताया कि चोरी की घटनाओं को रोकने और चोरों पर नजर रखने के लिए सभी वार्डों और अस्पताल के रास्तों पर कैमरे लगाए गए हैं। चोरी की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पूर्व सैनिक बलवान सिंह रावत ने बताया कि बेस अस्पताल में पूर्व में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ओपीडी की पर्ची कटवाने के दौरान लाइन पर लगे कई लोगों के पर्स चोर उड़ा चुके हैं। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर फोन और स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहा हैं। शीघ्र ही चोरों का पता लगाकर उनको गिरफ्तार किया जाएगा।