नैनीडांडा विकासखंड में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व निर्धारित रोस्टर के अनुसार आगामी 9 दिसंबर को बीडीसी बैठक होनी है। इसके बावजूद पौड़ी में जिला योजना की बैठक भी 9 दिसंबर को ही रख दी गई है। इस वजह से बीडीसी बैठक में जिलास्तरीय कोई भी अधिकारी नहीं पहुंच पाता है।
नैनीडांडा में पिछली बीडीसी बैठक के दिन भी जिला योजना की बैठक रख दी गई थी जिसके कारण जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश व्यक्त कर बैठक का बहिष्कार कर दिया था। ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा रश्मि पटवाल, ज्येष्ठ प्रमुख विक्रम सिंह, कनिष्ठ प्रमुख महेंद्र सिंह, प्रधान संघ के अध्यक्ष ललित पटवाल ने इस बात पर नाराजगी जताई है कि जिला योजना की बैठक को नैनीडांडा में पूर्व निर्धारित बीडीसी बैठक के दिन ही क्यों आयोजित किया जा रहा है।