कोटद्वार। पुलिस ने राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्रास्टनगंज में गत वर्ष 17 अक्तूबर को हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। तलाशी में उनके पास से एक-एक अवैध चाकू भी मिला है। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम चोरों को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट के आदेश पर पौड़ी जेल भेज दिया हैै।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्रास्टनगंज की प्रधानाध्यापिका शशि राणा ने कोतवाली में 17 अक्तूबर की रात को उनके विद्यालय में चोरों द्वारा पांच कंप्यूटर, पांच सीपीयू, पांच यूपीएस, पांच प्रोजेक्टर, पांच स्पीकर और एक प्रिंटर आदि चोरी करने की तहरीर दी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें सनेह चौकी प्रभारी सुनील पंवार ने 14 नवंबर को अभियुक्त साहिल को गिरफ्तार कर तीन कंप्यूटर बरामद कर लिए थे। साहिल ने पूछताछ में चोरी में अपने साथी धन सिंह थापा पुत्र प्रेम सिंह निवासी गिवईंस्रोत और पारुल मैसी पुत्र दलीप सिंह निवासी ग्रास्टनगंज कोटद्वार का नाम बताया था। तब से दोनों फरार चल रहे थे।
शुक्रवार देर शाम को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर एसआई सुनील पंवार ने फरार चल रहे अभियुक्त धनसिंह और पारुल मैसी को ईदगाह के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए दो कंप्यूटर सेट, चार यूपीएस, पांच स्पीकर, एक प्रिंटर और एक प्रोजेक्टर बरामद कर लिया गया है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर पौड़ी जेल भेज दिया गया।