नगर निगम के वार्ड नंबर एक ग्रास्टनगंज में तीन दिन से ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप है। विभाग क्षेत्र की सैकड़ों की आबादी में एक टैंकर पानी भेजकर खानापूर्ति कर रहा है।
ग्रास्टनगंज स्थित ट्यूबवेल से ग्रास्टनगंज, रतनपुर और कुंभीचौड़ क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाती है। बीते शनिवार को ट्यूबवेल की मोटर में खराबी आ गई। तब से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप है। स्थानीय नागरिक राजेश थपलियाल, जयप्रकाश ध्यानी, मेघराज सिंह, नसीर अहमद ने जलसंस्थान पर पेयजल उपभोक्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि प्रत्येक दूसरे-तीसरे महीने में ग्रास्टनगंज के ट्यूबवेल की मोटर फुंक जाती है। वर्तमान में गत तीन दिन से ट्यूबवेल की मोटर खराब होने लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। उधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी ने बताया कि ग्रास्टनगंज के ट्यूबवेल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। शीघ्र क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।