कोटद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल ने मुजफ्फरनगर कांड की 25वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कोटद्वार तहसील में धरना देते हुए यूकेडी ने मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। यूकेडी ने मुजफ्फनगर कांड से संबंधित मुकदमों को उत्तराखंड में ट्रांसफर करने की मांग उठाई।
बुधवार को कोटद्वार तहसील परिसर में यूकेडी के जिला प्रभारी महेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में धरना दिया गया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर कांड (रामपुर तिराहा कांड) को 25 साल हो गए, लेकिन सीबीआई 25 साल बाद भी जांच को अंजाम तक नहीं पहुंचा सकी है। राज्य आंदोलनकारियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फनगर कांड से संबंधित मुकदमे यूपी के विभिन्न न्यायालयों में लंबित पड़े हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से सारे मुकदमों को उत्तराखंड में ट्रांसफर करे। वक्ताओं ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने और गैरसैंण विधानसभा के समक्ष शहीदों का भव्य स्मारक स्थापित करने की मांग की गई।
धरना-स्थल पर भगवती प्रसाद कंडवाल, मनमोहन सिंह नेगी, पंकज भट्ट, अशोक कंडारी, पंकज उनियाल, पूनम देवी, रामेश्वरी, विजयपाल, हयात सिंह गुसाईं, संजू, अबरार अहमद, दिनेश, राजेंद्र प्रसाद, जगदीश सिंह मेहरा, दिनेश धूलिया, रमेश चंद्र, दलबीर सिंह, राजाराम अंथवाल, सुरेंद्र भाटिया, कमल किशोर, प्रेम सिंह, हरि सिंह रावत, गुलाब सिंह, जगमोहन दर्शन सिंह व नसीम आदि मौजूद रहे।
-फोटो