कोटद्वार/बैजरो। कोटद्वार तहसील मुख्यालय के सामने पेड़ की एक विशाल शाखा टूटकर कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर गिर गई। काफी देर तक यातायात बंद रहा। वहीं, विकासखंड नैनीडांडा के अंतर्गत निर्माणाधीन लिस्टियाखेत-किनगोडीखाल मोटर मार्ग पर पेड़ गिरने से सड़क यातायात काफी देर तक बंद रहा। यात्रियों को स्वयं ही पेड़ हटाकर रास्ता खोलना पड़ा।
शनिवार दोपहर कोटद्वार क्षेत्र में तेज बारिश हुई। इस दौरान दोपहर करीब एक बजे तहसील मुख्यालय के सामने पेड़ की भारी-भरकम शाखा टूटकर गिर गई। जिससे पौड़ी हाईवे पर यातायात अवरुद्ध हो गया। कुछ लोग खतरनाक ढंग से लटकी पेड़ की शाखा के नीचे से गुजर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर यातायात बंद कराने के बाद लटकी शाखा को हटवाकर रास्ता खुलवाया। इस दौरान पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया था, लेकिन फिर भी कुछ जगह जाम लगा और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
वहीं, बैजरो क्षेत्र में किनगोडीखाल-लिस्टियाखेत मोटर मार्ग पर पेड़ गिरने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। राहगीरों ने खुद ही पेड़ काटकर हटाया। इसके बाद आवागमन सुचारु हुआ। नैनीडांडा ब्लाॅक व तहसील मुख्यालय वाले मार्ग पर किनगोडीखाल-लिस्टियाखेत के बीच निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। आए दिन जगह-जगह मलबा और पेड़ गिरने से सड़क बाधित हो रही है। समाज सेवी कुलदीप सिंह का कहना है यहां के लोगों को धुमाकोट जाना हो, तो वाहन में बेलचा, आरी, कुल्हाड़ी, फावड़ा लेकर चलना पड़ रहा है। सड़क पर निर्माण कार्य करा रही पीएमजीएसवाई बैजरो के अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट का कहना है कि सड़क सुधारीकरण का कार्य चल रहा है। सड़क पर आया मलबा जल्द ही हटवा दिया जाएगा।