कोटद्वार शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक हुआ जलभराव, कई मार्गों पर आवाजाही रही बाधित
जेई की कार और एक ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। नगर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। देवी रोड पर जल निगम स्टोर के समीप पुराना आम का पेड़ गिरने से नगर निगम के जेई की कार और एक ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। झंडाचौक समेत कई स्थानों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा।
शुक्रवार सुबह बूंदाबांदी हुई और करीब साढ़े दस बजे अचानक अंधेरा छा गया। दृश्यता कम होने पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर आवाजाही करनी पड़ी। इसके बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। झंडाचौक पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। देवी रोड पर जल निगम स्टोर के समीप आम का पुराना पेड़ गिरने से नगर निगम के जेई कृष्णपाल सिंह की कार और एक ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। जेई ठेकेदार के साथ निर्माण कार्य का निरीक्षण करने जा रहे थे। मार्ग बाधित होने से भाबर की ओर जाने वाले वाहनों को पेंसिल फैक्टरी-सिमलचौड़ मार्ग से गुजरना पड़ा। यातायात का दबाव बढ़ने से दोपहर तक इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। घराट-मथुरा वेडिंग प्वाइंट मार्ग, पुराना सिद्धबली मार्ग, कोटद्वार-पाखरो और कोटद्वार-पुलिंडा-बल्ली मार्ग पर भी पेड़ गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश से कोल्हू, खोह, पनियाली, सुखरो और मालन नदियां उफान पर रहीं।
.
खेतों में बिछी धान की फसल
भाबर क्षेत्र में तेज हवाओं और बारिश से झंडीचौड़, सिगड्डी, कलालघाटी, उदयरामपुर, मगनपुर और मवाकोट में फसलों को नुकसान पहुंचा है। सात अक्तूबर को हुई बारिश और ओलावृष्टि से पहले ही कई खेतों में धान की फसल गिर गई थी। शुक्रवार को तेज हवाओं ने बची हुई फसल को भी खेतों में बिछा दिया। उड़द, सोयाबीन और तिलहन की फलियां झड़ने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। फसल तैयार होने के समय मौसम की मार पड़ने से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। बगीचों में पेड़ उखड़ने से भी काश्तकारों को नुकसान हुआ है।
बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त, कई घंटे बाधित रही बिजली
कोटद्वार। शुक्रवार सुबह तेज हवाओं और बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। ऊर्जा निगम के एसडीओ सिटी कमल सिंह ने बताया कि देवी रोड, ग्रास्टनगंज, कुंभीचौड़ के जीतपुर और 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही निगम की टीमें मरम्मत कार्य में जुट गईं। देर शाम तक कई क्षेत्रों में लाइनें दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि गोविंद नगर और सनेह पट्टी सहित कुछ इलाकों में मरम्मत कार्य अभी जारी है। संवाद