कोटद्वार। त्योहारी सीजन होने के कारण बाजार में भीड़ और हाईवे व संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने लगा है। कुछ जगहों पर रोडवेज बसें सड़क यातायात में बाधा बन रही हैं। यातायात व्यवस्था को सृदृढ़ बनाने के लिए यातायात पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। यातायात में बाधक बनने पर कुछ दिनों में ही यूपी व उत्तराखंड की 12 बसों के चालान किए गए हैं।
शहर में इन दिनों रोडवेज डिपो का भवन निर्माणाधीन है। डिपो के बाहर सड़क से ही रोडवेज बसों का संचालन होता है। यहां अक्सर बेतरतीब खड़ी होने वाली बसों से जहां जाम की स्थिति बन रही है, वहीं क्षेत्रीय दुकानदार भी परेशान हैं। उनका कहना है कि बसों के खड़े रहने और जाम लगने से उनके कारोबार पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, कुछ ऐसे ही हालात नेशनल हाईवे पर शहर के लालबत्ती चौक क्षेत्र के बने हैं। यहां हाईवे पर ही बसों को काफी काफी देर तक खड़ा कर यात्रियों को बसों में सवार किया जा रहा है। इस दौरान हाईवे पर सड़क यातायात बाधित होने से जाम की स्थिति बन रही है।
यातायात को बाधित किए बिना रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित करने की यातायात पुलिस की ओर से रोडवेज डिपो प्रशासन को हिदायत दी गई थी। इसके लिए एक समय में केवल चार बसों को ही खड़ा करने और दो कतारों में बसें खड़ी नहीं करने को कहा गया था। गाइड लाइन पर ध्यान नहीं देने, बसों के कारण जाम की स्थिति बनने पर आखिरकार यातायात पुलिस को एक्शन लेना पड़ा। यातायात निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि सितंबर में ही अब तक यूपी और उत्तराखंड रोडवेज की 12 बसों के चालान किए जा चुके हैं। आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाकर यातायात को बाधित होने से रोका जा जाएगा।