कण्वघाटी/कोटद्वार। पर्वतीय क्षेत्र में शनिवार को मूसलाधार बारिश से सिगड्डी स्रोत में आए उफान से चिलरखाल-लालढांग मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन ठप हो गया। रविवार को मार्ग बंद होने से जीएमओयू समेत अन्य वाहनों को यूपी होते हुए नहर वाले रास्ते से हरिद्वार और देहरादून आवाजाही करनी पड़ी।
शनिवार शाम को पर्वतीय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। देर शाम करीब साढ़े छह बजे सिगड्डी स्रोत में उफान आने पर नदी में बना मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। लालढांग, हरिद्वार, देहरादून जाने वाले लोग 60 किमी की अतिरिक्त दूरी तय कर नजीबाबाद से होकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। पार्षद राजेंद्र बिष्ट, रजनीश बेबनी, जेपी बहुखंडी, स्थानीय निवासी पंकज कबटियाल, देवेंद्र अधिकारी, लखन नेगी, कुबेर जलाल, अनिल कोठारी आदि ने वन विभाग से शीघ्र मार्ग की मरम्मत कर वाहनों की आवाजाही शुरू करवाने की मांग की है। संवाद