कोटद्वार। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल पौड़ी गढ़वाल ने जीएसटी विभाग की ओर से व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर किए जा रहे अनावश्यक सर्वे और छापेमारी का विरोध किया है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार के माध्यम से जीएसटी कमिश्नर, देहरादून को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जीएसटी विभाग के अधिकारी प्रदेश के व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर सर्वे, प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान के नाम पर अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। इससे व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है और उन पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में व्यापार की स्थिति पहले से ही कमजोर है। ऐसे में जीएसटी अधिकारियों की ओर से चलाए जा रहे अभियान से व्यापारी वर्ग में रोष है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि व्यापारियों का मानसिक और आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि अनावश्यक सर्वे और छापों पर रोक नहीं लगाई गई तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक अग्रवाल, महामंत्री लाजपत राय भाटिया, अजय गुप्ता, सेवक राम मानूजा, मनोज अग्रवाल और सुनील कर्णवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।