पुलिस की सघन चेकिंग में की गई कार्रवाई
वैध दस्तावेज और रॉयल्टी प्रपत्र नहीं दिखा सका चालक
कोटद्वार। पुलिस ने खोह नदी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन सामग्री से भरे एक ट्रैक्टरट्रॉली को सीज कर दिया। वाहन चालक खनन सामग्री से संबंधित वैध दस्तावेज, रॉयल्टी प्रपत्र और परिवहन अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका जिसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कोतवाली कोटद्वार पुलिस टीम ने खोह नदी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसकी जांच की। जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी मात्रा में खनन सामग्री का परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने चालक से खनन सामग्री के वैध अभिलेख, रॉयल्टी प्रपत्र और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में खनिज सामग्री का परिवहन अवैध पाए जाने पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को तत्काल सीज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।