जिला पंचायत का तिरसठ साल पुराना मार्केट जर्जर हाल में होता जा रहा है। दीवारें, छत और रैलिंग टूटकर स्टेशन रोड पर गिर रही है। इससे राहगीरों को खतरा बना हुआ है। जिला पंचायत पौड़ी इसकी सुध नहीं ले रहा है।
कोटद्वार के स्टेशन रोड पर स्थापित जिला पंचायत की मार्केट और कार्यालयों की बदहाली पर लोगों का कहना है कि पुराने भवन की न तो मरम्मत की जा रही है, न ही जर्जर भवन तोड़कर नए भवन का निर्माण ही कर करवाया जा रहा है। टूटते भवन में व्यापारी और अन्य कार्यालय के लोगों के साथ ही व्यस्ततम स्टेशन रोड पर आवागमन कर रहे सैकड़ों लोग खतरे की जद में हैं।
व्यापारियों का दर्द
दिनभर डर-डर कर दुकान पर बैठते हैं। दो दिन पूर्व ऊपरी मंजिल के बरामदे की दीवार टूटकर सड़क पर आ गई। जिला पंचायत दुकानदारों से किराया ले रहा है तो मरम्मत और सुरक्षा का ध्यान रखना भी उसकी जिम्मेदारी है।
- प्रदीप सिंह
जिला पंचायत प्रशासन को कई बार जर्जर भवन को लेकर लिखित और मौखिक शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। विभाग को शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार है। जिला पंचायत को लोगों की परेशानी समझनी चाहिए।
- रामचंद्र भाटिया
जिला पंचायत की लापरवाही के कारण जर्जर भवन का एक हिस्सा दुकान बंद करते समय कर्मचारियों के पास जाकर गिरा। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जिला पंचायत को भवन की मरम्मत करानी चाहिए।
- सुरेंद्र कुमार मिश्रा
जिला पंचायत दुकानदारों से प्रति पांच वर्ष में 30 प्रतिशत किराया बढ़ा रहा है। उसके बदले दुकानदारों को कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। जब से भवन बना है शायद ही इसकी सुध ली गई हो।
- राकेश भाटिया
यह मामला संज्ञान में है। इसका डिस्पोजल का प्रस्ताव बनाया गया है, लेकिन इस पर कार्य नहीं हो पाया है। मार्च में होने वाली जिला पंचायत की बैठक में इसे गंभीरता के साथ रखा जाएगा। दुर्घटना से बचने के लिए तब तक खतरनाक हिस्से को गिरा दिया जाएगा।
- एमएस राणा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत पौड़ी