अमर उजाला और ग्राफिक एरा की संयुक्त पहल पर महाराजा वेडिंग प्वाइंट में अंतिम दिन चले एजूकेशन फेयर लक्ष्य-2016 में मौजूद देश और राज्य के प्रमुख शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थानों के काउंसलरों ने छात्र-छात्राओं को कॅरियर से संबधित टिप्स दिए।
रविवार को एजूकेशन मेले के अंतिम दिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बारहवीं में साठ प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को अमर उजाला की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा हीरो, एनआईआईटी की ओर से मेधावियों को गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए। स्कॉलरशिप परीक्षा के लिए दूसरे दिन भी छात्र-छात्राओं का तांता लगा रहा। इसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। होप इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की ओर से छात्र-छात्राओं को एडमिशन में तीस प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की गई। बीएफआईटी की ओर से बारहवीं में नब्बे प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को एडमिशन लेने पर साठ प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
अमर उजाला ने दी ज्ञानवर्द्धक पुस्तकें
डीपीएमआई के डायरेक्टर विजय मैठाणी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनसे डॉक्टरी के अलावा मेडिकल के अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार तलाशने की अपील की। कहा कि डॉक्टरी के अलावा मेडिकल में पैरामेडिकल के तमाम ऐसे कोर्स मौजूद हैं, जिनमें छात्र-छात्राएं अपना कॅरियर बना सकते हैं। एजूकेशन फेयर में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक छात्र-छात्राओं को अमर उजाला की ओर से सफलता, सामयिकी समेत अनेक ज्ञानवर्द्धक पुस्तकें प्रदान की गई। लकी ड्रॉ में गणेश अग्रवाल, प्रनीता बमराड़ा, हृतिक रावत, मानसी रावत, अक्षिता अग्रवाल व अन्य ने ढेरों इनाम प्राप्त किए। स्कॉलरशिप परीक्षा का परिणाम जून के अंतिम सप्ताह में घोषित किया जाएगा।
एजूकेशन फेयर में आईडीबीआई बैंक की एजीएम श्रृति शर्मा, डू समथिंग सोसाइटी के चैयरमैन और एमकेवीएन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मयंक कोठारी, नगरपालिका अध्यक्ष रश्मि राणा का विशेष सहयोग रहा। मेले में सांई इंस्टीट्यूट, एवलॉन इंस्टीट्यूट, बीएफआईटी, जेबीआईटी, दून बिजनेस स्कूल, डीपीएमआई, यूनियन बैंक, देवभूमि कॉलेज, पार्ले मैक्सिटोज सहित कई प्रतिष्ठानों ने प्रतिभाग किया।