कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में लगातार दूसरे दिन मरीजों की काफी भीड़ रही। अस्पताल में ओपीडी के लिए निर्धारित समय बीतने के बाद भी चिकित्सक डटे रहे। चिकित्सकों की कमी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
बेस अस्पताल के तीन प्रमुख अनुभाग एकल चिकित्सक के भरोसे संचालित किए जा रहे हैं। एक फिजिशियन, एक बाल रोग विशेषज्ञ एवं एक अस्थि विशेषज्ञ से ही सैकड़ों को उपचार एवं चिकित्सीय परामर्श मिल रहा है। तीनों विशेषज्ञ चिकित्सकों को ओपीडी में मरीजों को देखने के साथ ही आपात स्थिति में इमरजेंसी वार्ड में भी जाना पड़ रहा है और नियमित रूप से भर्ती वार्डों में राउंड पर भी जाना पड़ रहा है।
इस दौरान ओपीडी प्रभावित हो रही है। दोपहर दो बजे तक ओपीडी का समय निर्धारित होने के काफी देर बाद तक विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को उपचार एवं चिकित्सीय परामर्श दे रहे हैं। मंगलवार को अपराह्न तीन बजे तक भी अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ थी और चिकित्सक ओपीडी में डटे थे।
अस्पताल आए मरीजों मयंक, नितिन भाटिया, आनंद प्रकाश, राबिया, शबनम का कहना था उन्हें अस्पताल आए हुए ढाई से तीन घंटे हो चुके हैं लेकिन अभी तक चिकित्सक के पास तक नहीं पहुंच सके हैं। मरीजों एवं तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर बंद पड़ी ओपीडी खुलवाने की मांग की।