रामबांस श्रेष्ठता केंद्र और वन विभाग की नर्सरी में बांस किया चट
रातभर वनकर्मियों ने पटाखे और फायरिंग कर जंगल की ओर खदेड़ा
कोटद्वार। कोटद्वार और आसपास के क्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार रात तीन हाथियों का झुंड वन विभाग के रामबांस श्रेष्ठता केंद्र, नर्सरी और रेंज कार्यालय परिसर में घुस आया। हाथियों ने बड़ी मात्रा में बांस तोड़कर खा लिया और रेंज कार्यालय की सुरक्षा दीवार से सटे 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वनकर्मियों ने पटाखे फोड़कर और हवाई फायरिंग कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।
रामबांस श्रेष्ठता केंद्र के प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे हाथियों का झुंड गिंवाई स्रोत स्थित रोटरी वाटिका की ओर से वन विभाग की नर्सरी में पहुंचा। यहां बांस खाने के बाद हाथी रामबांस श्रेष्ठता केंद्र परिसर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने परिसर के चारदीवारी पर लगी जाली तोड़ते हुए डिग्री कॉलेज मार्ग स्थित कोटद्वार रेंज कार्यालय के सामने 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे को नुकसान पहुंचाया और रेंज कार्यालय परिसर में पहुंचकर वहां लगी बांस की बेड़ियां भी तोड़ डालीं।
वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पटाखे और फायरिंग की मदद से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया लेकिन बुधवार तड़के करीब तीन बजे वही झुंड दोबारा रेंज कार्यालय पहुंच गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने दोबारा कार्रवाई कर हाथियों को जंगल में वापस भेजा।
कोटद्वार के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि हाथियों के उत्पात में बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हुआ है। समय रहते हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया गया जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने लोगों से रात के समय जंगल से सटे क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।