फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग से तीन घर और एक मवेशी जिंदा जला

Tue, 19 Apr 2016 08:34 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कोटद्वार।
विज्ञापन
आग बुझाते फायरकर्मी। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
पदमपुर मोटाढाक पटवारी सर्किल के खूनीबड़ बाखल में मंगलवार दिन में लगी आग से तीन घर, चार रसोई, दो गोशाला खाक हो गई। जबकि एक मवेशी जिंदा जल गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ अग्निशमन दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही सब कुछ खाक हो चुका था। पंद्रह मिनट में बाखल के कई छप्पर और उनमें रखा सामान खाक हो गया।
विज्ञापन

इस अग्निकांड में एक परिवार को भारी नुकसान हुआ। उसके पास खाने-पीने और पहनने के कपड़े तक नहीं बचे। तहसील प्रशासन की ओर से उन्हें चार हजार रुपये की तात्कालिक मदद दी गई है। निवर्तमान काबीना मंत्री और क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना कर सरकार से पीड़ितों को आर्थिक सहायता की मांग की है। ग्रामीणों ने अग्निकांड की वजह झोपड़ी के पास बिजली के पोल से गिरी चिंगारी को बताया है। घटना पूर्वाह्न 11:00 बजे की है।

अचानक गोशाला से उठीं लपटें
खूनीबड़ गांव में अनुसूचित जाति की जिस बस्ती में सुबह 11 बजे सभी परिवारों के लोग मेहनत मजदूरी के लिए निकल गए थे। घर में केवल छोटे बच्चे थे। अचानक एक गोशाला से आग की लपटें उठने लगी तो वहां अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काबू में नहीं आई। सूचना मिलते ही तहसीलदार अबरार हुसैन, कानूनगो मदन सिंह बिष्ट, पटवारी प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। अग्निशमन दल ने सुलग रही आग पर काबू पाया।
विज्ञापन


नुकसान का आंकलन
तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ने पीड़ित परिवारों के नुकसान का आंकलन किया। अग्निकांड में गीता देवी पत्नी सुशील कुमार का परिवार पूरी तरह सड़क पर आ गया। उनका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। छंगा सिंह के पुत्रों सुरेश, कोमल और मनोज की रसोई और खाने पीने का सारा सामान खाक हो गया। भोपाल सिंह पुत्र केसरी सिंह की गोशाला जलकर खाक हो गई। गोशाला में बंधा एक मवेशी जिंदा जल गया। इसी से सटी भूपेंद्र सिंह पुत्र जगत सिंह की भी गोशाला आग की चपेट में आ गई। अनिल पुत्र हरकेश की रसोई भी खाक हो गई। राहत और बचाव कार्य के चलते आसपास के कई छप्परों को नुकसान पहुंचा है। अग्निकांड में रोहताश सिंह की हाल में हुई शादी में मिली नई बाइक और शादी का पूरा सामान भी जल गया। एफएसओ एसएस रावत ने बताया कि पीड़ितों के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। अग्निकांड की सूचना लगते ही कोतवाल जसवीर सिंह पुंडीर, एसएसआई विजय सिंह और एसआई मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें