कण्वघाटी/किशनपुर। भाबर क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर लगने से दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है।
संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह रावत, पशु प्रेमी देशबंधु गढ़वाली, आकांक्षा रावत, गौरव सुयाल, प्रियांशु कुमार, आशीष अग्रवाल ने बताया कि रविवार देर शाम जशोधरपुर से कोटद्वार की ओर जा रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने हल्दूखाता और मोटाढाक में दो गोवंशों को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चालक सिम्मलचौड़ में वाहन छोड़कर फरार हो गया। वहीं, सूचना पर पुलिस वाहन की तलाश में जुट गई। सिम्मलचौड़ में खड़ा मिला पिकअप वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पशु प्रेमियों ने बताया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, सड़कों पर घूम रहे गोवंश की सुरक्षा के लिए कोटद्वार नगर निगम से प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। कलालघाटी पुलिस चौकी प्रभारी राजाराम डोभाल ने बताया कि गोवंश को टक्कर मारने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।