भारी बारिश के कारण ब्लाॅक मुख्यालय द्वारीखाल में पुश्ता ढहने से नवनिर्मित शौचालय और टिन शेड की गैलरी ढह गई। बीडीओ विद्या दत्त रतूड़ी ने बताया कि रविवार सुबह 9:00 बजे के करीब भारी बारिश के कारण ब्लाॅक मुख्यालय के भवन के समीप पुश्ता ढह गया जिससे ब्लाॅक मुख्यालय के नवनिर्मित शौचालय और गैलरी भी ढह गए। शौचालय और गैलरी ढहने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दे दी गई है। दूसरी ओर मलबा आने से लोनिवि दुगड्डा, लैंसडौन और बैजरो की 12 सड़कें बंद हैं।
शनिवार शाम से जारी भारी बारिश का दौर रविवार को भी जारी रहा। बारिश के कारण मलबा आने से लोनिवि दुगड्डा, लैंसडौन व बैजरों की 12 सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रही। ऐसे में दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क कट गया है जिससे ग्रामीणों को कई किमी पैदल आवाजाही कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। लोनिवि की ओर से जेसीबी मशीनें लगाकर बंद मोटर मार्गों को खोलने की कवायद शुरू कर दी गई है।