सनेह क्षेत्र के रामपुर गांव में टस्कर हाथी की धमाचौकड़ी रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार रात को उसने शादी समारोह में गए लोगों को उनके घर वापस नहीं लौटने दिया। वन विभाग की टीम ने हवाई फायर कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हाथी के इस प्रकार लोगों के बीच आने से ग्रामीण दहशत में है। उन्होंने वन विभाग से हाथी से सुरक्षा के लिए उसे को जंगल में ही रोकने की मांग की है।
सोमवार रात दस बजे रामपुर में आयोजित एक शादी समारोह के रिसप्शन से गांव की महिलाएं लौट रही थी तथी अचानक जंगल से निकलकर हाथी सड़क पर आ गया। बड़े-बड़े दांतों वाले विशालकाय हाथी को सड़क पर देखते ही महिलाओं के होश उड़ गए। इससे पहले कि हाथी उनपर हमला करता उन्होंने पीछे की ओर दौड़ लगा दी। हाथी करीब एक घंटा सड़क पर खड़ा रहा। जिससे लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर सतविंदर सिंह वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हावाई फायर कर हाथी को जंगल में खदेड़ा।
हाथी के जंगल की ओर जाने पर महिलाओं ने चैन की सांस ली और अपने घरों को गए।
डिप्टी रेंजर सतविंदर सिंह ने बताया कि हाथी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है। उसे हवाई फायर कर जंगल में खदेड़ दिया है। क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।