लोगों ने तड़के व देर शाम घरों से बाहर निकलना किया बंद
लैंसडौन। बीते कई दिनों से छावनी परिषद के कूड़ा निस्तारण केंद्र के निकट भालू की आवाजाही बनी है। वनकर्मियों व छावनी विभाग के कर्मियों की टीम की गश्त कूड़ा निस्तारण केंद्र क्षेत्र में जारी रही। इस बीच भालू ने अपना रुख आबादी की ओर कर लिया। भालू बाजार के निकट, वाल्मीकि बस्ती डिग्गी लाइन और गैस गोदाम के नजदीक नजर आ रहा है।
गैस गोदाम के निकट बने छावनी परिषद के आवास में रह रही माली राजेश्वरी देवी ने बताया कि मंगलवार व बुधवार की रात करीब 9 बजे भालू उनके घर के निकट जंगल में ही कई देर तक चिंघाड़ता रहा जिससे परिजन दहशत में रहे। आठ घर डिग्गी लाइन के सफाईकर्मी वरुण ने बताया कि सोमवार व मंगलवार की शाम करीब 7 बजे भालू वाल्मीकि बस्ती के निकट के जंगल से भयावह और तेज आवाज निकालता रहा जिससे हर किसी में दहशत बनी रही। लोगों ने सुबह व देर शाम बाहर निकलना बंद कर दिया है। भालू की धमक से भयभीत लोग पटाखे फोड़ रहे हैं और ढोल-नगाड़े बजाकर भालू को खदेड़ते हुए अपनी सुरक्षा कर रहे हैं।
वन क्षेत्राधिकारी राकेश शाह ने कहा कि वनकर्मी और छावनी परिषद के कर्मी संयुक्त रूप से गश्त कर रहे हैं। उन्होंने भालू से बचने के लिए सतर्कता बरतने और समूह में ही आवाजाही करने की सलाह दी।