दुगड्डा। पौड़ी हाईवे पर पीएचसी के निकट एक मालवाहक वाहन के पिछले पहिये के टायर का नट बोल्ट (स्टड) टूटने से वह सड़क पर पलटने से बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही एक घंटे तक बाधित रही।
कोटद्वार से रसद सामग्री लेकर लैंसडौन जा रहा एक वाहन दुगड्डा बाजार से होकर गुजर रहा था। पीएचसी के निकट पहुंचते ही अचानक वाहन के पिछले पहिये का नट बोल्ट (स्टड) टूटने से सामान से भरा वाहन हाईवे पर पलटने से बाल-बाल बच गया। वाहन के बीच सड़क पर खड़े होने से यहां वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। ऐसे में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री वाहन जाम में फंस गए जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोटद्वार से पहुंचे मोटर मैकेनिकों को वाहन ठीक करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलने पर दुगड्डा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। करीब एक घंटे बाद वाहन ठीक हुआ और जाम खुला।