कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज के अंतर्गत लालपानी बीट के कंपार्ट 1 (ब) में लगी आग पर वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया है। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग कोटद्वार रेंज के साथ ही दुगड्डा व कोटड़ी रेंज के जंगल तक फैल सकती थी।कोटद्वार के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि रविवार दोपहर लालपानी बीट के कंपार्ट 1 (ब) में आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जंगल में जिस जगह आग लगी थी, वह दुगड्डा व कोटड़ी रेंज के जंगलों का मिलान है। इस कारण आग के तीनों रेंजों के जंगलों में फैलने की आशंका बनी हुई थी। सूचना पर कोटद्वार, दुगड्डा व कोटड़ी रेंज के 60 कर्मचारियों का स्टाफ मौके पर पहुंचा और करीब 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वहीं, सूचना पर डीएफओ आकाश गंगवार और एसडीओ ने भी मौके पर पहुंचकर वन कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की। कहा कि जंगल में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।