कोटद्वार। कंडाखणींखाल-जुड-पवेख मोटर मार्ग पांच दिन से बंद है। सड़क बाधित होने से क्षेत्र के करीब 80 परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने से उन्हें रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए करीब सात से आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान ऋषि मोहन ने बताया कि बारिश के कारण मोटर मार्ग पर कई जगह मलबा और बोल्डर आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क के डामरीकरण की मांग ग्रामीण लंबे समय से करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बारिश के दौरान सड़क बंद होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती है। मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। जरूरी सामान लाने के लिए भी ग्रामीणों को पैदल ही लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
वहीं, हिलोगी-डोबर मोटर मार्ग बंद होने से डोबर, हिलोगी, बिजोली, दुदपुड़, आर्यकोट, छाम, सौड़खेत, कुमैपाख आदि गांवों का सड़क संपर्क कट गया है। इसके अलावा चाक्यूं-सिमल्या मोटर मार्ग और सिलोगी-कर्थी मोटर मार्ग भी बारिश के कारण बंद पड़े हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बंद मोटर मार्गों को शीघ्र खोलने और कंडाखणींखाल-जुड-पवेख मार्ग का स्थायी डामरीकरण कराने की मांग की है।
-
बारिश के बाद बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें भेजी गई हैं। जल्द ही मार्गाें को आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। - विवेक कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडौन।