बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडे ने कहा कि गढ़वाली व कुमाऊंनी फिल्मों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है, इससे फिल्म निर्माता भी काफी खुश हैं और इसके और भी बेहतर परिणाम आने वाले दिनों में देखने को भी मिलेंगे। गढ़वाली फिल्म ‘मेजर निराला’ की शूटिंग के लिए यहां पहुंचे अभिनेता पांडे नेपाली मजदूर का रोल अदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहाड़ में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। खासकर बड़े शहरों में पहाड़ी संस्कृति पर आधारित फिल्म को देखने के लिए काफी भीड़ भी जुट रही है। कहा कि ‘गोपी भिना’ फिल्म को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
पहली बार पौड़ी आने पर उन्होंने कहा कि गढ़वाली फिल्म में भी वह पहली बार कार्य कर रहे हैं। पांडे ने कहा कि क्षेत्रीय फिल्मों को कर मुक्त किया जाना चाहिए ताकि यहां के युवाओं को रोजगार भी मिले और पलायन जैसी समस्या का समाधान भी किया जा सके। इस मौके पर फिल्म निर्देशक गणेश वीरान आदि मौजूद थे।