बीरोंखाल ब्लाक की ग्राम पंचायत बिरगणा के क्वारंटीन सेंटर में सोमवार को युवक की मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के दिशा निर्देश पर ग्रामीणों ने युवक का अंतिम संस्कार कोरोना की गाइडलाइन के अनुसार पीपीई किट पहनकर किया। डाक्टरों ने मृतक का सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेज दिया है।
गत रविवार की रात को बिरगणा गांव निवासी 32 वर्षीय संजय रावत फरीदाबाद से गांव लौटा था और उसे एक स्कूल में क्वारंटीन सेंटर में रखा था। सोमवार सुबह अचानक उसकी तबियत खराब बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया। बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. वीसी काला ने बताया कि युवक का पोस्टमार्टम एहतियातन कोरोना गाइडलाइन के अनुसार किया गया।