क्षेत्र में जहां एक ओर कोरोना संक्रमण का बढ़ता जा रहा है, वहीं बाजारों में उमड़ रही भीड़ बेखौफ आवागमन और खरीदारी में जुटी है। लोगों में सामाजिक दूरी का अनुपालन करने के प्रति जरा भी दिलचस्पी नजर नहीं आ रही है। इस ओर नगर निगम, पुलिस और प्रशासन भी अधिक ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ रही हैं।
कोरोना संक्रमण के प्रारंभिक दौर में नगर निगम, पुलिस और प्रशासन ने कोटद्वार के मुख्य बाजारों में खूब चुस्ती दिखाई, जिसके कारण कोटद्वार के गोखले मार्ग, पटेल मार्ग, गंगादत्त जोशी मार्ग, मालिनी मार्केट, जिला परिषद मार्केट, देवी रोड, बदरीनाथ रोड, नजीबाबाद रोड और स्टेशन रोड के बाजारों में व्यवस्थाएं बनी हुई थी। गोखले मार्ग, पटेल मार्ग, लालबत्ती चौक स्थित सब्जी मंडी के पास की सड़कों पर फड़-ठेली और दुकानें सजी हुई हैं। एसडीएम योगेश मेहरा का कहना है कि बाजार में लोगों को सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं। सड़कों पर भीड़भाड़ रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे।