देवी मंदिर तिराहे पर शनिवार दिन में एक शराबी ने अपनी झुग्गी में आग लगा दी जिससे आग उपखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) कार्यालय तक फैल गई। सूचना मिलते पहुंचे अग्निशमन दल ने आग को बुझा लिया। गनीमत रही कि घटना दिन में हुई, जिससे विभागीय कर्मचारियों को अपना सामान सुरक्षित निकालने का समय मिल गया। शराबी के खिलाफ उपशिक्षा अधिकारी की ओर से नामजद तहरीर कोतवाली में दी गई है।
उपशिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि कार्यालय के बाहर भगत नाम के एक व्यक्ति की झुग्गी है। वह जूते चप्पल की मरम्मत करने का काम करता है। उसने दिन में शराब पीकर अपनी झुग्गी में आग लगा दी, जिससे आग दफ्तर तक फैल गई। प्रभारी एफएसओ अनिल त्यागी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया। इस बीच उपशिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला समेत कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और शिक्षक सामान निकालने में जुट गए, जिससे कुछ पुरानी फाइलों को छोड़कर अन्य सभी सामान बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि एबीईओ कार्यालय से सटी एक झुग्गी है। आग वहीं से फैलकर दफ्तर की खिड़की और रोशनदान से अंदर पहुंच गई। अग्निकांड में दफ्तर की ब्रॉडबैंड, बिजली, फोन समेत पूरी वायरिंग जल गई है। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।