कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार में नगर निगम के चुनाव की मतगणना में जहां कांग्रेस पहले ही चक्र से लगातार पिछड़ती चली गई, वहीं भाजपा प्रत्याशी शुरू से ही बढ़त बनाए रही। लेकिन कई वार्डों में काफी कम अंतर से जीत पर पुनर्मतगणना की मांग भी उठती रही। मतगणना चक्र आगे बढ़ने के साथ ही मेयर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के चेहरे खिलते और मुरझाते रहे।मेयर पद की मतगणना 12 बजे के बाद शुरू हुई। मेयर पद के लिए मतगणना शुरू होते ही सभी की निगाहें रुझानों पर टिक गई। दोपहर दो बजे करीब पहले राउंड में सनेह और बाजार क्षेत्र के कुछ पोलिंग बूथों की मतपेटियां खुली। इन पोलिंग बूथों पर भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत ने शुरू से ही बढ़त ले ली, जिससे कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत के समर्थकों के चेहरे मुरझाने लगे।
दूसरे राउंड में कोटद्वार बाजार क्षेत्र के सटे अन्य बूथों की मतगणना शुरू हुई। इस दौरान भी भाजपा प्रत्याशी लीड बनाए रहे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत दूसरे और निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व सैनिक महेंद्रपाल सिंह रावत तीसरे स्थान पर रहे। दूसरे चक्र की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी 5554 वोटों से आगे चल रहे थे। तीसरे चक्र की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी की लीड बढ़कर 6887 हो गई। जिससे भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों के चेहरे खिल उठे। रात आठ बजे तक भाजपा प्रत्याशी की लीड का दौर बना रहा।