पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट चलन से बाहर होने के बाद से मंडल मुख्यालय पौड़ी के बाजार में कारोबार में करीब 70 फीसदी गिरावट आई है। होटलों, रेस्तरांओं में दो हजार रुपये का नोट भी नहीं लिया जा रहा है। छोटे नोट नहीं आने से सब्जी से लेकर तमाम जरूरत की चीजों को खरीदने के लिए लोगों को दिक्कत आ रही है। इसके बावजूद कारोबारी प्रधानमंत्री मोदी के फैसले से खुश हैं और उन्हें आने वाले समय में इसका लाभ मिलने की आस है।
माल रोड स्थित रेलिस हॉट शॉप में नोट बंदी से पहले जहां यहां पर प्रतिदिन करीब दस हजार रुपये तक की आय होती थी। आजकल प्रतिदिन करीब तीन हजार रुपये की आय होनी भी मुश्किल हो रही है। रेलिस के ऑनर बृजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करीब 70 प्रतिशत की आय प्रभावित हुई है। कोटद्वार स्थित रेलिस में भी 40 से 50 प्रतिशत की आय प्रभावित हुई है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री के फैसले का स्वागत करते हैं। होटल के मैनेजर देवेंद्र बिष्ट ने कहा कि छोटे नोट नहीं आने से दिक्कत आ रही है। गुलाटी कॉस्मेटिक्स के पवन गुलाटी ने बताया कि नोट बंदी के बाद से करीब 70 प्रतिशत का कारोबार प्रभावित हुआ है।
छोटे नोट अभी नहीं आए हैं। पांच सौ के नए नोट आएंगे तो स्थिति और सुधरेगी। सौ रुपये के नोट हैं, लेकिन कम मात्रा में।-अमिता रतूड़ी, चीफ मैनेजर एसबीआई पौड़ी