कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के कुंभीचौड़-कोटड़ीढांग-सनेह मार्ग पर मंगलवार को एक डाट पुलिया धंस गई। इससे यातायात प्रभावित हुआ और भारी वाहनों की आवाजाही रुक गई। क्षेत्र में चलने वाली स्कूल बसें भी नहीं पहुंच सकीं, जिससे अभिभावकों को बच्चों को निजी वाहनों से स्कूल छोड़ना पड़ा।
रामपुर निवासी मोहन सिंह रावत ने बताया कि इस मार्ग से 10 से अधिक स्कूल बसें चलती हैं। पुलिया धंसने से बसों का आवागमन बाधित रहा। कोटड़ीढांग, सनेह, कादरगंज और पाखरो सहित कई गांवों के लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ग्रामीणों ने लोनिवि दुगड्डा पर मार्ग की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पिछले वर्ष भी यह पुलिया क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं था। ग्रामीणों ने पुलिया की शीघ्र मरम्मत की मांग की है। पार्षद अनिल रावत ने लोनिवि अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है और पुलिया का निरीक्षण कराया जा रहा है।