कोटद्वार। रिखणीखाल के थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता और दहशत के बीच ग्रामीणों, ग्राम प्रहरियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक ली। वन विभाग के कर्मचारियों की ओर से इस मौके पर क्षेत्र में लगाए गए पिंजरों के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात कही गई। एसडीओ पवन नेगी और रेंज अधिकारी नक्षत्र शाह ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन बिना जनसहयोग के सफलता नहीं मिल सकती। कहा कि कई पिंजरों को अराजकतत्व बंद कर दे रहे हैं, जिससे गुलदार को पकड़ने में दिक्कत हो रही है। थानाध्यक्ष ने ऐसे लोगों को चेतावनी दी है। कहा कि क्षेत्र में कैमरा ट्रेप भी लगे हैं। ऐसे में अराजकतत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से वन विभाग का सहयोग करने की अपील की। कहा कि पुलिस भी गुलदार प्रभावित क्षेत्र में सक्रिय होकर लोगों की मदद में जुटा है। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष रिखणीखाल विक्रम रावत, दरबान सिंह रावत, रेवत सिंह नेगी, मनमोहन सिंह और आशीष भारद्वाज समेत कई सीएलजी मेंबर और ग्रामीण उपस्थित रहे।