डाडामंडी में बड़गाड गदेरे में निर्माणाधीन पुल।
- फोटो : KOTDWAR
द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत डाडामंडी में लंगूरगाड नदी के सहायक बलगाड़ गदेरे में प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। जिससे क्षेत्रवासियों में विभाग के प्रति आक्रोश बना हुआ है। लोगों ने पुल का निर्माण जल्द पूरा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
डाडामंडी में लंगूरगाड में पुल नहीं होने के कारण बौंठा, भलगांव, बछेली, मदनपुर, धुलगांव आदि गांवों के ग्रामीणों को बरसात में बलगाड़ गदेरे में जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ती है। बरसात में जलस्तर बढ़ने पर विद्यालय पहुंचना मुश्किल हो जाता है, जिससे उनके पठन-पाठन प्रभावित होता है। क्षेत्र की जनता की मांग पर शासन ने पुल निर्माण को स्वीकृति प्रदान करते 43 लाख की धनराशि आवंटित की। लोनिवि दुगड्डा को कार्यदायी संस्था बनाया गया। लोनिवि दुगड्डा ने वर्ष 2018 में निर्माण कार्य शुरू किया था और उसे दिसंबर, 2019 तक पुल का निर्माण कार्य पूरा करना था। लेकिन निर्धारित समयावधि के भीतर पुल का निर्माण होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। स्थिति यह है कि कार्यदायी संस्था की ओर से नदी के दोनों छोर पर पिलर बनाए गए हैं और गत जून माह से निर्माण कार्य बंद पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य के चलते डाडामंडी खेल मैदान में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताएं भी नहीं हो पा रही हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य यशपाल सिंह रावत, ग्राम प्रधान चंद्रमोहन चौधरी, ग्रामीण जितेंद्र चौधरी, भारत सिंह रावत ने लोनिवि दुगड्डा की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए पुल का निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने मांग पर कार्रवाई न होने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
डाडामंडी के गेंद मेला मैदान के निकट बलगाड़ गदेरे में निर्माणाधीन पुल का कार्य इस वर्ष समाप्त होना है। ठेकेदार द्वारा पुल के स्तम्भों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। फेबिकेशन के लिए डिजायन तैयार कर ऋषिकेश भेजा गया है। बरसात से पहले पुल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
-सुधीर नैथानी, सहायक अभियंता लोनिवि दुगड्डा