गेंद मेले के दूसरे दिन जीत पहाड़ी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
राइजिंग सन पब्लिक स्कूल व इंटर कॉलेज मोटाढाक ने जीते वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले
कोटद्वार। शंकरदत्त जोशी गेंद मेला समिति की ओर से मवाकोट में चल रहे गेंद मेले के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। वॉलीबाल प्रतियोगिता राइजिंग सन पब्लिक स्कूल और इंटर कॉलेज मोटाढांक अपने वर्गों में विजेता रहे। इस मौके पर जीतू पहाड़ी एवं साथी कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। संदीप छिलबट ने भी अपने हास्य व्यंग्य से लोगों को खूब गुदगुदाया।
गेंद मेले के दूसरे दिन का उद्घाटन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला और विशिष्ट अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह रावत ने किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में राइजिंग सन पब्लिक स्कूल ने नवयुग पब्लिक स्कूल की टीम को हराया। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंटर कॉलेज मोटाढाक ने डेफोडिल्स पब्लिक स्कूल को हराया।
निर्णायक की भूमिका अनीता बिष्ट, अंकित खंतवाल, विवेकानंद, स्कोरर की भूमिका धीरेंद्र कंडारी ने निभाई। मैच का आंखों देखा हाल हर्षवर्द्धन बिंजोला ने सुनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत पुष्कर भारद्वाज की ओर से प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इस मौके पर लोक गायक जीतू पहाड़ी और लोक गायिका ज्योति मौर्य ने तू छै बांद जौनसार की..., हाय तेरी रुमाला..., हाथ म तू खेलू कृष्ण गोविंदा जी..., राम देही का होटल..., ओ भिना कख जाणा द्वारहटा..., चल छोरी... आदि गीतों की प्रस्तुति दी।
इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष कुलदीप रावत, पितृशरण जोशी, राजेंद्र खैरवाल, दीपक सिंह रावत, आरपी पंत, नवीन केष्टवाल आदि मौजूद रहे। मंच का संचालन शशिबाला केष्टवाल व शकुंतला बुड़ाकोटी ने किया।