कार्यशाला पर अन्य बसें भी मेंटेनेंस में खड़ी होने से रूट पर नहीं भेजी जा सकी दूसरी बस
कोटद्वार। चारधाम यात्रा पर डिपो से नौ नई बीएस-6 रोडवेज बसें भेज देने के बाद बसों का संचालन गड़बड़ा गया है। चार दिन तक रद्द रही पटियाला की बस सेवा एक दिन चलकर फिर से ठप हो गई। कार्यशाला पर खड़ी अन्य बसों की मेंटेनेंस में समय लगने के कारण किसी अन्य बस को पटियाला के लिए रवाना नहीं किया जा सका। वहीं, चिलचिलाती धूप में लोगों को बस की लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ी।
कोटद्वार रोडवेज डिपो से दिल्ली, यूपी की फिल्म सिटी नोएडा, राजस्थान के जयपुर, हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, पंजाब के अमृतसर, पटियाला, हिमाचल के पांवटा साहिब, चंडीगढ़ में रोजाना एक-एक बस का संचालन होता है। बस में खराबी आने और उसके स्थान पर दूसरी बस उपलब्ध नहीं होने पर रूट के लिए दूसरी बस उपलब्ध कराना स्थानीय रोडवेज प्रशासन के लिए मुश्किल हो रहा है। यही वजह रही चार दिन तक रद्द रही पटियाला की बस सेवा एक बार फिर से ठप हो गई।
चार दिन बाद सोमवार को महज एक दिन ही बस सेवा चली। मंगलवार सुबह बस को पटियाला के लिए रवाना होना था लेकिन कार्यशाला में खड़ी बस मेंटेनेंस में फिट नहीं हो सकी। इसके स्थान पर कोई दूसरी बस उपलब्ध नहीं होने पर प्रशासन को पटियाला की बस सेवा फिर से रद्द करनी पड़ी। बस की प्रतीक्षा में लोगों को चिलचिलाती धूप में काफी देर खड़े रहना पड़ा। कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों का कहना है कि स्पेयर पार्ट्स के अभाव में अभी बस कितने दिन खड़ी रहेगी, इसका अनुमान नहीं है।
वहीं, एआरएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि 10 में से नौ बसें चारधाम यात्रा पर भेजी जा चुकी हैं। रूट पर दौड़ रहीं बसों में तकनीकी खराबी आना स्वभाविक है। बसों को दुरुस्त कर रूट पर भेजने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। तकनीकी कारणों से पटियाला रूट की बस स्थायी नहीं हो पा रही है। इसके जल्द से जल्द संचालन के प्रयास किए जा रहे हैं।