कण्वघाटी/कोटद्वार। भाबर के झंडीचौड़ में मकर संक्रांति गेंद मेला समिति की ओर से आयोजित प्रथम महिला टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन शुक्रवार को दो लीग मुकाबले खेले गए। पहले मैच में कण्व भाबर और दूसरे मैच में सिद्धबली क्लब की टीमें अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में पहुंचीं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन समिति संयोजक सौरभ केष्टवाल और राकेश मोहन धूलिया ने खिलाड़ियों से परिचय किया। दिन का पहला मुकाबला कण्व भाबर और भारत स्वाभिमान के बीच खेला गया। भारत स्वाभिमान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में छह विकेट खोकर 59 रन बनाए। पूनम ने 13 और सोनी ने 12 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कण्व भाबर की टीम ने आठवें ओवर में ही तीन विकेट खोकर जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
दूसरे मुकाबले में सिद्धबली क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 80 रन बनाए। शिखा ने मात्र 18 गेंद में 38 रन बनाए। लक्ष्य पीछा करने उतरी दुर्गा टाइटंस की टीम मात्र एक रन से मैच हार गई। टीम ने निर्धारित ओवर में सात विकेट खोकर 79 रन बनाए। सिद्धबली क्लब की टीम टूर्नामेंट के अगले दौर में पहुंची। सौरभ ध्यानी एवं सुशील काला अंपायर, गणेश धूलिया कमेंटेटर, अजय कुमार स्कोरर रहे। आयोजन समिति के संयोजक राकेश मोहन धूलिया, सौरभ केष्टवाल, अनुसूया पांडेय, प्रियांशु केष्टवाल और प्रियंका कंडवाल आदि मौजूद रहे।
रामकुमार। - फोटो : रामकुमार। संवाद