सीबीएसई का जिलास्तरीय विचार-विमर्श, 12 प्रतिभागियों ने प्रस्तुत किए केस पेपर
कोटद्वार। द डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में सीबीएसई की ओर से गणनात्मक सोच व कृत्रिम बुद्धिमत्ता (सीटी एंड एआई) पर जिलास्तरीय विचार-विमर्श (डीएलडी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को गणनात्मक सोच व कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ी नवीन शिक्षण पद्धतियों एवं भविष्य उन्मुख कौशल से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन सरस्वती वंदना के साथ हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 12 प्रतिभागियों ने गणनात्मक सोच व कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने केस पेपर प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने शोध आधारित शिक्षण, नवाचारी प्रयोग, गतिविधि आधारित शिक्षा, मूल्यांकन प्रणाली, कक्षा में सीटी एवं एआई के प्रभावी उपयोग से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रस्तुत केस पेपरों का मूल्यांकन आरआर मोरारका पब्लिक स्कूल बिजनौर के उप प्रधानाचार्य अनिल बिंजोला, आरपी पब्लिक स्कूल के पीजीटी गणित सुभाष चंद्र, डीएवी पब्लिक स्कूल कोटद्वार के पीजीटी कंप्यूटर साइंस विकास गुप्ता ने किया।