कोरोना संक्रमण से कोटद्वार में एक वृद्ध और धुमाकोट में कोरोना संदिग्ध एक महिला की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना गाइडलाइन के तहत परिजनों को शव सौंपे। प्रशासन ने धुमाकोट बाजार को तीन दिन के लिए बंद कर दिया है। जबकि संक्रमित के संपर्क में आने वालों की सैंपलिंग करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि कोटद्वार के ग्रास्टनगंज क्षेत्र निवासी एक वृद्ध (68) को बुखार और सांस लेेने में दिक्कत होने पर तीन मई को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया था। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनका बेस अस्पताल के कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई और उनकी मौत हो गई। कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, धुमाकोट डाकघर में संविदा पर तैनात कोरोना संदिग्ध कर्मचारी की मौत हो गई। उसकी मौत होने पर धुमाकोट बाजार को आठ मई तक के लिए बंद कर दिया गया है। धुमाकोट तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने बताया कि महिला की संदिग्ध मृत्यु होने पर धुमाकोट बाजार को बंद कर दिया गया है। महिला के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं।