नई टिहरी। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पौखाल में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य सवंर्धन के लिए कॅरियर गाइडेंस शिविर लगाया गया जिसमें कक्षा 11 और 12वीं के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा और बेहतर कॅरियर बनाने के लिए उचित प्लेटफार्म की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कॅरियर गाइडेंस शिविर में मुख्य वक्ता चिकित्साधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह कैंतुरा ने छात्रों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा में कॅरिअर के कई विकल्प हैं। अनुशासित जीवनशैली अपनाते हुए हमेशा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने वाले निश्चित ही सफलता अर्जित करते हैं। नवोदय विद्यालय पौखाल के वरिष्ठ काउंसलर नीरज शर्मा ने छात्रों को उनकी रुचि, क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार सही विषय व कॅरिअर चुनने की बारीकियां समझाईं।
प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह राणा ने कहा कि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ ही व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाता है। इस मौके पर कार्यक्रम के नोडल देशराज बिष्ट, अजय पाल राणा ,कमलेश्वर नौटियाल, दिनेश प्रसाद भट्, विपिन भट्ट, संदीप चौधरी, सुमन बिष्ट, लक्ष्मी पंवार और रेखा आदि मौजूद थे।