कोटद्वार। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान, उत्तराखंड सरकार, हरिद्वार की ओर से आयोजित खंड स्तरीय संस्कृत स्पर्धाओं का शुभारंभ बुधवार को मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कोटद्वार में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं सक्षम संस्था के अध्यक्ष योगंबर सिंह रावत समेत अतिथियों ने किया। मुख्य अतिथि योगंबर सिंह रावत ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। कनिष्ठ वर्ग की संस्कृत समूह नृत्य स्पर्धा में राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुगड्डा द्वितीय और श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार तृतीय रहा। समूहगान में राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार ने प्रथम, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कण्वघाटी ने द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुगड्डा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
संस्कृत नाटक में श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार द्वितीय और अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी तृतीय रहा। वाद-विवाद में आदर्श विद्या निकेतन कोटद्वार प्रथम, आशु भाषण में श्री सिद्धबली गुरुकुल संस्कृत विद्यालय कोटद्वार और श्लोकोच्चारण में महर्षि कण्व विद्या निकेतन कण्वघाटी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य चंदन सिंह नकोटी, बीना गौड़, अरुण परंदियाल, डॉ. रमाकांत कुकरेती, डॉ. रोशन बलूनी समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। संचालन श्रीकांत दुद्पुड़ी, डॉ. रोशन बलूनी और कुलदीप मैंदोला ने संयुक्त रूप से किया।