पीजी काॅलेज कोटद्वार के छात्रसंघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल की अगुवाई में छात्रों ने काॅलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने काॅलेज में अव्यवस्थाएं हावी होने का आरोप लगाया। कहा कि काॅलेज में छात्र-छात्राओं के लिए पीने के पानी की भी बेहतर व्यवस्था नहीं है।
छात्र-संघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल ने कहा कि काॅलेज में वाटर कूलर होने के बावजूद टंकी का पानी पीना पड़ रहा है। जैसे ही छात्र-छात्राएं परीक्षा देकर बाहर आते हैं तो उनसे जबरन पॉजीटिव फीडबैक देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन छात्र-छात्राओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं नहीं कर पा रहा है। जून माह की भीषण गर्मी में छात्र-छात्राएं परीक्षा देने आ रहे हैं और उन्हें पानी की व्यवस्था के नाम पर बाल्टी भरकर टंकी का पानी रख दिया गया है। आरोप लगाया कि व्यवस्थाओं को बनाने के लिए बात की जाती है तो बदसलूकी की जा रही है। प्रदर्शन में छात्रसंघ महासचिव शुभम सुयाल, दमनदीप, हिमांशु, मंदीप, तनिष्क, अभिषेक, श्रेय बिष्ट, साहिल और सूरज आदि मौजूद रहे।