जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज घुड़दौड़ी का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव गूंज-2017 बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। उद्घाटन के मौके पर मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा सचिव डा. पंकज कुमार पांडे ने कहा कि छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ ही इस प्रकार के कार्यक्रमों में भी शिरकत करनी चाहिए।
बृहस्पतिवार को जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज के वार्षिकोत्सव में गूंज-2017 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन साहित्य, कला, नृत्य, संगीत, वाल पेंटिंग आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान आयोजित नुक्कड़ नाटक कश्मीर समस्या, आरक्षण व्यवस्था, भटकते हुए युवा जैसे मुद्दों पर आयोजित प्रतियोगिता में बायोटैक एवं मैकेनिकल के छात्र प्रथम रहे, जबकि इलेक्ट्रिकल द्वितीय व कंप्यूटर साइंस के छात्र तृतीय रहे।
छात्र-छात्राओं ने डिजिटल इंडिया, कैशलेस इंडिया, न्याय पालिका जैसे मुद्दों पर भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। पहले दिन आयोजित संगीत, नृत्य व मिस व मिस्टर गूंज प्रतियोगिता की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कालेज के रजिस्ट्रार संदीप कुमार, डा. आशीष नेगी, डा. संजीव नैथानी, डा. एच गोयल, डा. ममता बौंठियाल, डा. वीएम मिश्रा, डा. किरीट सेमवाल, डा. मंगल बिष्ट, डा. बीएस नेगी व छात्र समिति के गुरुजोत सिंह, आशीष चौबे आदि मौजूद थे। निर्णायक की भूमिका में डा. संदीप भट्ट, अजय घुनियाल थे। मंच का संचालन प्रांशु भूषण नेगी एवं मनीषा खाती ने किया।