छात्राओं ने सीखे मार्शल आर्ट के गुर
मार्शल आर्ट सीखकर अपराजिता बनेंगी बेटियां
अपराजिता महाभियान के तहत राजकीय इंटर कालेज सुखरो में मार्शल आर्ट कार्यशाला आयोजित
जीआईसी सुखरो में 36 छात्राओं ने सीखी पंच और किक की विधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। अमर उजाला अपराजिता महाभियान के तहत कोटद्वार के राजकीय इंटर कालेज सुखरो में छात्राओं की आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा11वीं और 12वीं की 36 छात्राओं ने मार्शल आर्ट के गुर सीखे। कहा कि मार्शल आर्ट सीखकर छात्राएं अपराजिता बनेंगी और बदमाशों के दांत खट्टे करेंगी।
बृहस्पतिवार को बालासौड़ स्थित जीआईसी सुखरो (कोटद्वार) के प्रांगण में समग्र शिक्षा प्रभारी रश्मि रावत के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में छात्राओं ने मार्शल आर्ट की विभिन्न विधाएं सीखी। मार्शल आर्ट प्रशिक्षक पंकज ने छात्राओं को पुश पंच, लोअर पंच, मिडिल पंच, अपर पंच, स्टेट किक, आउटर किक, स्टेट पुश किक, चिन पंच और रोड फाइटर तकनीक की विधाएं सिखाई। छात्राओं ने एक दूसरे पर मार्शल आर्ट तकनीक को आजमाकर शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने राह चलते बदमाश द्वारा उन्हें छेड़ने पर किक और पंच मारकर उसके दांत खट्टे करने का सजीव प्रदर्शन कर अपने तेवर दिखाए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह रावत ने छात्राओं के लिए मार्शल आर्ट को समय की जरूरत बताया। कहा कि समाज में फैल रही विकृतियों के कारण छात्राओं और महिलाओं पर हमले हो रहे हैं। इस प्रकार के असामाजिक तत्वों से पुलिस प्रशासन तो निपट रहा है, लेकिन उससे पहले छात्राओं को इस प्रकार के लोगों से निपटना आना चाहिए। उन्होंने अमर उजाला के महिला सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे अपराजिता महाभियान की सराहना की। कहा कि इससे जहां महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी मिल रही है, वहीं छात्राओं को गुड टच, बैड टच के माध्यम से ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखने और मार्शल आर्ट से उन्हें सशक्त करने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर शिक्षक संदीप बिष्ट, संतवीर सिंह परमार, सुरेश बिष्ट, श्रेष्ठमणि घनसाला, दर्शन रावत सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।