कोटद्वार। वैदिक आश्रम गुरुकुल महाविद्यालय कण्वाश्रम के स्वर्ण जयंती समारोह के अंतिम दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महाविद्यालय के छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समारोह में समा बांधा। साधकों ने योगासनों और पावर योगा के प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
रविवार को समारोह के अंतिम दिन सुबह हवन यज्ञ किया गया। इसके बाद योगीराज डा. विश्वपाल जयंत ने साधकों को निरोगी रहने के लिए योगासनों का अभ्यास कराया। दोपहर बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के योग कक्षाओं के छात्रों ने नंदा देवी राजजात की आकर्षक झांकी का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोहा। उन्होंने गढ़वाली, हरियाणवी व राजस्थानी लोक नृत्यों की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। इस अवसर पर योग छात्रों ने योग की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। आचार्य वीरेश्वर ने भजनों से माहौल भक्तिमय किया। देवेंद्र फौजी ने पावर योग के माध्यम से आंख से सरिया मोड़ने, दांतों से वाहन रोकना, छाती पर भारी पत्थर रखकर घन से तोड़ना जैसे हैरतंगेज योग का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक योगीराज डा. विश्वपाल जयंत, समाजसेवी धीरेंद्र सिंह चौहान, आचार्य लोकेश, गौरव टिकैत, डा. गीता आर्य, रवीश बद्री व मलेरी आदि मौजूद थे।
-फोटो