मालन नदी में अवैध खनन कर रहे खननकारियों को पकड़ने गए वनकर्मियों पर पत्थरबाजी करने और नुकसान पहुंचाने के मामले में चार लोगों के खिलाफ कोटद्वार कोतवाली में नामजद तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल जेएस पुंडीर ने बताया कि वनकर्मियों पर पत्थर से हमले को लेकर रेंजर एसपी कंडवाल की तहरीर के आधार पर कलालघाटी निवासी संजू गुसाईं, नंदपुर निवासी प्रमोद बहुखंडी, कलालघाटी निवासी हिमांशु रावत और जशोधरपुर निवासी पंकज डबराल के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
कोटद्वार रेंज के वन कर्मियों पर पत्थरों से हमला करने के बाद वनकर्मी मौके से चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रेंज कार्यालय लेकर आ गए। रेंज अधिकारी एसपी कंडवाल ने बताया कि सुमित कोटनाला, संजय शर्मा और दो अज्ञात के ट्रैक्टर ट्रॉली को सीज कर दिया गया है।