नगर निगम क्षेत्र के बलभद्रपुर में बुधवार रात को चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों का सोना और नकदी चुरा ली। पीड़ित महिला ने पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बलभद्रपुर निवासी पीड़ित महिला कुसुम पॉल ने बताया कि उसका बलभद्रपुर में अपना घर है। इन दिनों वह ऋषिकेश रहती है। उसके पति अजीत का निधन हो चुका है। कुछ साल पहले उनके पति ने उन्हें एक सोने का बिस्कुट गिफ्ट किया था। इसके अलावा उसके पास लाखों रुपये की सोने की ज्वेलरी भी थी। इन सभी को वह बैंक के लॉकर में रखने के लिए 23 मार्च को कोटद्वार स्थित घर पर लाई है। 24 मार्च की शाम को वह पड़ोस में अपनी सहेली के पास खाना खाने गई थी और वहीं रुक गई। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे जब वह अपने घर लौटी तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख वह दंग रह गई। वह कमरे के अंदर पहुंची तो वहां पर सभी सामान बिखरा हुआ था, आलमारी और लॉकर सब टूटा हुआ था। तीन लाख रुपये के सोने का गले का सेट, करीब पांच लाख रुपये कीमत का एक सोने का बिस्कुट, 50 हजार रुपये की एक सोने की गिन्नी, एक बैग में चर्च के लिए रखे करीब 18 हजार रुपये नकद और 55 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। उसने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाल नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि बलभद्रपुर में चोरी की घटना की जानकारी मिली है। मामले में तहरीर मिली है और जांच शुरू कर दी गई है।